23 अगस्त को गूंजेगा ‘हर-हर महादेव’, 33 किलोमीटर की भव्य शिवनाथ कांवड़ यात्रा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
दुर्ग। सावन के पवित्र माह में दुर्ग एक बार फिर भक्ति, आस्था, सनातन एकता और सामाजिक समरसता के विराट संगम का साक्षी बनने जा रहा है। शिवनाथ कांवड़ यात्रा समिति के नेतृत्व में आगामी 23 अगस्त को 33 किलोमीटर लंबी भव्य शिवनाथ कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। सुबह 7 बजे शुरू होने वाली इस यात्रा में प्रदेश और जिलेभर से हजारों शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।
भगवा ध्वज और डीजे की भक्तिमय धुनों के बीच शिवभक्त ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल होंगे। समिति ने इस आयोजन के माध्यम से सनातन एकता, सामाजिक समरसता, संस्कृति जागरण और नशामुक्त समाज का संदेश देने का संकल्प लिया है।
33 विभागों में बांटी गई जिम्मेदारियां
शिवनाथ कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित प्रथम तैयारी बैठक में यात्रा की व्यवस्थाओं और आयोजन की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। समिति के संरक्षक उपकार चंद्राकर ने बताया कि धर्मगुरुओं द्वारा भगवा ध्वज दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने वाला सांस्कृतिक और सामाजिक अभियान है। यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ ग्रामीण एवं शहरी युवा, महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग शामिल होंगे।
बैठक में सर्वसम्मति से विपिन चंद्राकर को यात्रा संयोजक तथा वरुण यादव को यात्रा प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। आयोजन की व्यापक तैयारियों को देखते हुए समिति ने कार्यों को 33 विभागों में विभाजित किया है। करीब 200 कार्यकर्ता अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ यात्रा की तैयारियों में जुटे हैं।
55 से अधिक स्थानों पर होगा भव्य स्वागत
यात्रा संयोजक विपिन चंद्राकर ने बताया कि यात्रा में प्रदेशभर से अतिथि एवं शिवभक्त शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि शिवनाथ कांवड़ यात्रा अब अपने चौथे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और हर वर्ष इसकी जनभागीदारी बढ़ रही है।
यात्रा प्रमुख वरुण यादव ने बताया कि करीब 33 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर लगभग 55 स्थानों पर समाज, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समितियों की ओर से कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। यात्रा को लेकर आमजन और शिवभक्तों में खासा उत्साह है।
शिवनाथ तट पर होगा रुद्राभिषेक और भव्य आरती
यात्रा के अंतिम पड़ाव पर शिवनाथ नदी के तट पर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और भव्य शिवनाथ आरती की जाएगी। आयोजन को और आकर्षक बनाने के लिए इस वर्ष भव्य झांकियां, विशेष आतिशबाजी और भक्ति संध्या भी आयोजित की जाएगी।
समिति ने जिले और प्रदेश के सभी शिवभक्तों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि शिवनाथ कांवड़ यात्रा के माध्यम से भक्ति के साथ सामाजिक एकता, समरसता, संस्कृति जागरण और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
तैयारी बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में विकास अग्रवाल, कुलदीप शर्मा, तेजस, तुलसी ध्रुव, उदय भास्कर, अजय साहू, महेंद्र साहू, समीर अग्रवाल, दीप पटेल, अभिषेक, हर्षित, रोशन, आशीष वर्मा, गगन चंद्राकर, आकाश, अखिल, सम्यक तिवारी, जयंत, शशिकांत, टिंकू, हेमंत सहित बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।

