परसदा में पारंपरिक खेलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मना हरेली महोत्सव
पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का दिया संदेश; प्रतिभावान विद्यार्थियों और गौसेवा से जुड़े युवा को किया सम्मानित
राकेश सोनकर की रिपोर्ट
कुम्हारी। ग्राम परसदा में ग्राम विकास समिति के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ के प्रथम तिहार हरेली महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की आरती से हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने गली भ्रमण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया।
महोत्सव के दौरान स्कूली बच्चों ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोक परंपराओं पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न पारंपरिक खेल एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं के लिए सुरीली कुर्सी दौड़, फुगड़ी, रस्साकशी सहित कई प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार तथा महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ग्राम के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब रायपुर की अध्यक्ष प्रीता लाल एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा कलाकार योगेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद युजेन्द्र साहू एवं डिकेन्द्र साहू मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम विकास समिति परसदा के अध्यक्ष भुजबल प्रसाद साहू ने की।
इस अवसर पर ग्राम के होनहार युवा स्वर्गीय तामेश्वर यादव को उनकी गौसेवा के प्रति समर्पण के लिए मरणोपरांत ‘गौ सेवक सम्मान’ प्रदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके गौसेवा के कार्यों को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम में ग्राम विकास समिति के सचिव पुनेन्द्र कुमार पंथ, कोषाध्यक्ष रतनलाल साहू, समिति के सदस्य, रोटरी क्लब के सदस्य, विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। मंच संचालन शिक्षक मोहित शर्मा ने किया।
अंत में ग्राम विकास समिति ने हरेली महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, माताओं-बहनों, युवाओं, बच्चों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

