बकाया कर जमा नहीं करने वालों पर पालिका की सख्ती, 5 नल कनेक्शन विच्छेदित

 बकाया कर जमा नहीं करने वालों पर पालिका की सख्ती, 5 नल कनेक्शन विच्छेदित

राज्य शासन के निर्देश पर कुम्हारी नगर पालिका ने शुरू किया विशेष राजस्व वसूली अभियान

राकेश सोनकर की रिपोर्ट | संवाददाता | कुम्हारी

कुम्हारी। राज्य शासन के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित विभिन्न करों की वसूली का लक्ष्य पूरा करने नगर पालिका परिषद कुम्हारी ने बकायादारों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा संपत्तिकर, समेकितकर, शिक्षा उपकर, दुकान किराया, यूजर चार्ज, जलकर सहित अन्य बकाया करों की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम चन्द्राकर के आदेशानुसार निकाय क्षेत्र में लंबे समय से करों का भुगतान नहीं करने वाले बड़े बकायादारों को डिमांड नोटिस जारी किए गए हैं। इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध अब कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद की टीम ने वार्ड क्रमांक 01 में पांच बकायादारों के नल कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई की। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में बकाया करों का भुगतान नहीं करने वाले अन्य बकायादारों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं के लिए कर भुगतान जरूरी

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार शहर में पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों के संचालन में करों से प्राप्त राजस्व की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने हिस्से का संपत्तिकर, जलकर एवं अन्य कर समय पर जमा करे।

पालिका प्रशासन ने नगरवासियों से अपील की है कि जिन नागरिकों पर किसी भी प्रकार का कर बकाया है, वे जल्द से जल्द नगर पालिका कार्यालय में बकाया राशि जमा कर रसीद अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

नगर पालिका प्रशासन ने संकेत दिया है कि राजस्व वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकाया करों का भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।