लिमतरा शासकीय स्कूल में चोरी, ताला तोड़कर कंप्यूटर उपकरण सहित सामान पार
कुम्हारी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लिमतरा में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय के कमरों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ आईसीटी कक्ष से कंप्यूटर से जुड़े उपकरण तथा बरामदे में लगा फाइबर सेटअप चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पदस्थ व्याख्याता अश्वनी कुमार कुर्रे, निवासी कैलाश नगर कुम्हारी, 9 अगस्त 2026 को विद्यालय गए थे। दोपहर करीब 12 बजे विद्यालय बंद होने के बाद वे अपने घर लौट आए थे। अगले दिन 10 अगस्त की सुबह करीब 9:50 बजे विद्यालय की स्वीपर उर्मिला धीवर साफ-सफाई के लिए स्कूल पहुंचीं। उन्होंने चैनल गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया तो एक कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। उन्होंने तत्काल फोन कर विद्यालय के व्याख्याता को चोरी की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही अश्वनी कुमार कुर्रे विद्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्ष का ताला टूटा मिला। वहीं क्रीड़ा कक्ष में रखे सामान के साथ तोड़फोड़ कर क्षति पहुंचाई गई थी। आईसीटी कक्ष से एक की-बोर्ड और एक माउस गायब मिले। इसके अलावा विद्यालय के बरामदे में लगा एक जियो फाइबर सेटअप भी चोरी होना पाया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने आशंका जताई है कि अज्ञात चोरों ने विद्यालय के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए सामान चोरी कर लिया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 3(1)-LCG, 305(e)-BNS, 324(3)-BNS एवं 331(4)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा चोरी की घटना में शामिल अज्ञात आरोपी की तलाश और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

