दुर्ग में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: एक सप्ताह में 6,431 लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई

 दुर्ग में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: एक सप्ताह में 6,431 लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई

बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सबसे ज्यादा शिकंजा, 3,897 मामले दर्ज; नो पार्किंग के 1,215 प्रकरणों में कार्रवाई

दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात के मार्गदर्शन में पुलिस ने विगत एक सप्ताह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 6,431 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है।

यातायात पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख मार्गों, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और व्यस्त स्थानों पर विशेष फिक्स पॉइंट लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नो पार्किंग, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने जैसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बिना हेलमेट के 3,897 वाहन चालकों पर कार्रवाई

विगत एक सप्ताह में सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ की गई। यातायात पुलिस ने 3,897 प्रकरण दर्ज किए। इसके अलावा नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 1,215 वाहन चालकों, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 424 चालकों और तीन सवारी के 428 मामलों में कार्रवाई की गई।

रात्रि के समय प्रमुख मार्गों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जा रही है।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर इस तरह हुई कार्रवाई

  • तेज रफ्तार: 37 प्रकरण
  • लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना: 79 प्रकरण
  • तीन सवारी: 428 प्रकरण
  • ब्लैक फिल्म: 06 प्रकरण
  • शराब सेवन कर वाहन चलाना: 69 प्रकरण
  • परमिट शर्तों का उल्लंघन: 16 प्रकरण
  • वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग: 28 प्रकरण
  • बिना हेलमेट: 3,897 प्रकरण
  • बिना सीट बेल्ट: 424 प्रकरण
  • बिना बीमा: 70 प्रकरण
  • नो पार्किंग: 1,215 प्रकरण
  • नो एंट्री: 17 प्रकरण
  • अन्य धाराओं में: 150 प्रकरण
  • कुल कार्रवाई: 6,431 प्रकरण

सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान

यातायात पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर हादसों को रोकने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। ई-चालान के साथ-साथ फिक्स पॉइंट और विशेष चेकिंग के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन केवल कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

यातायात पुलिस की आम नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाएं। चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

पुलिस ने शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाने की अपील की है। साथ ही नो पार्किंग और नो एंट्री क्षेत्र में वाहन खड़ा अथवा प्रवेश नहीं करने तथा नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए वाहन नहीं देने की भी अपील की गई है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा में भी सहयोग करें।