भिलाई में सूने मकान का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये की चोरी, पुरानी भिलाई थाना में मामला दर्ज
भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के डबरापारा में सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर द्वारा 50 हजार रुपये नकद चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम नरसिंहगढ़ निवासी नरसिंग राजपूत (40 वर्ष), जो खेती-किसानी का कार्य करते हैं, 30 जुलाई 2026 को अपनी पत्नी के साथ अपने ससुराल डबरापारा, भिलाई-3 आए थे। उन्होंने बताया कि परिवार में चल रहे एक कानूनी मामले के कारण नकदी की आवश्यकता पड़ सकती थी, इसलिए वे अपने साथ 50 हजार रुपये नकद लेकर आए थे। सुरक्षा की दृष्टि से उनकी पत्नी ने यह राशि अपनी मां के कमरे में रखी आलमारी में सुरक्षित रख दी थी।
शिकायत के अनुसार, 4 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे परिवार के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर रिश्तेदार के घर चले गए थे। अगले दिन 5 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजा खोलने के बाद अंदर का दरवाजा बंद था। संदेह होने पर जब पीछे जाकर देखा तो पिछला दरवाजा टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरे की आलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद गायब मिले। इसके बाद घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी गई और पुलिस को सूचना दी गई।
पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) एवं 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर चोरी का पता लगाने में जुटी हुई है।

