भिलाई निगम की सख्त कार्रवाई: सिंगल यूज प्लास्टिक पर चला अभियान, 2,600 रुपये का जुर्माना वसूला

 भिलाई निगम की सख्त कार्रवाई: सिंगल यूज प्लास्टिक पर चला अभियान, 2,600 रुपये का जुर्माना वसूला

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। निगम आयुक्त एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर 5 अगस्त 2026 को जोन क्रमांक-01 के वार्ड क्रमांक-03 स्थित मॉडल टाउन के विनोबा नगर क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान निगम की टीम ने विभिन्न दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की। जांच में कई स्थानों पर प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग, अनुज्ञप्ति (ट्रेड) लाइसेंस का अभाव, डस्टबिन की व्यवस्था नहीं होना तथा साफ-सफाई में लापरवाही जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 2,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई

  • संतोष किराना स्टोर – सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर 700 रुपये जुर्माना।
  • वर्मा किराना स्टोर – सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर 700 रुपये तथा डस्टबिन नहीं रखने पर 100 रुपये, कुल 800 रुपये जुर्माना।
  • मंटू प्रसाद कानू – सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर 500 रुपये जुर्माना।
  • आनंद पान पैलेस (मंटू प्रसाद कानू) – प्रतिष्ठान में साफ-सफाई नहीं रखने पर 100 रुपये जुर्माना।
  • चाय चस्का प्रतिष्ठान – अनुज्ञप्ति (ट्रेड) लाइसेंस नहीं पाए जाने पर 500 रुपये जुर्माना।

निगम ने दी सख्त चेतावनी

निगम प्रशासन ने सभी व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भविष्य में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें, डस्टबिन की अनिवार्य व्यवस्था करें तथा आवश्यक अनुज्ञप्ति (ट्रेड) लाइसेंस प्राप्त करें। निगम ने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त भिलाई के उद्देश्य से नगर निगम का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।