भिलाई में अवैध पार्किंग पर निगम का शिकंजा: पावर हाउस सर्विस रोड से कई वाहन जब्त, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
भिलाईनगर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई ने अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को निगम के जोन-3 राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने पावर हाउस सर्विस रोड पर कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े कई वाहनों को जब्त किया।
निगम अधिकारियों के अनुसार, पावर हाउस सर्विस रोड पर लंबे समय से सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े किए जाने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती थी।
संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को जब्त कर पुलिस प्रशासन के सहयोग से थाना छावनी भेजा गया, जहां नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निगम की अपील
नगर निगम प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों, सर्विस रोड तथा यातायात प्रभावित करने वाले स्थानों पर अपने वाहन पार्क न करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
आगे भी चलेगा अभियान
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी नियमित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य शहर की सड़कों को अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त कर नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना है।

