भिलाई निगम की राजस्व वसूली पर आयुक्त सुरुचि सिंह सख्त, बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई के निर्देश; समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने के दिए आदेश

 भिलाई निगम की राजस्व वसूली पर आयुक्त सुरुचि सिंह सख्त, बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई के निर्देश; समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने के दिए आदेश

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरुचि सिंह ने निगम की राजस्व आय बढ़ाने और लंबित करों की वसूली में तेजी लाने के उद्देश्य से गुरुवार को निगम सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में संपत्तिकर, समेकित कर सहित विभिन्न स्थानीय करों की वसूली की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों और राजस्व वसूली एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कर वसूली सुनिश्चित की जाए।

आयुक्त ने कहा कि निगम की विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समय पर राजस्व प्राप्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि कर वसूली के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में बड़े राजस्व बकाएदारों की सूची तैयार कर उन्हें तत्काल नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार वसूली की प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को ऐसे प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर कार्रवाई की प्रगति से अवगत कराने के लिए कहा गया।

आयुक्त सुरुचि सिंह ने आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कर भुगतान की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुगम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने डिजिटल भुगतान व्यवस्था और ऑनलाइन कर भुगतान पोर्टल को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि नागरिक बिना किसी परेशानी के समय पर कर जमा कर सकें।

उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली एजेंसी के कार्यों की प्रतिदिन निगरानी करें तथा दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया।

बैठक में अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, उपायुक्त डी. के. कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, येशा लहरे, कुलदीप गुप्ता, लेखाधिकारी चन्द्रभूषण साहू, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, राजस्व अधिकारी जे. पी. तिवारी, सहायक राजस्व अधिकारीगण तथा राजस्व वसूली एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।