कैवल्य धाम मंदिर भोजनशाला में चोरी, गैस सिलेंडर समेत ₹13,500 का सामान पार

 कैवल्य धाम मंदिर भोजनशाला में चोरी, गैस सिलेंडर समेत ₹13,500 का सामान पार

कुम्हारी। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र स्थित कैवल्य धाम मंदिर परिसर में संचालित मणीधारी दादागुरुदेव भोजनालय में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर भोजनशाला की खिड़की के रास्ते अंदर घुसकर गैस सिलेंडर, बर्तन और खाद्य सामग्री समेत करीब ₹13,500 मूल्य का सामान चोरी कर ले गया। मामले में कुम्हारी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 21 कबीर नगर कुगदा निवासी राज कुमार टंडन, जो कैवल्य धाम मंदिर ट्रस्ट के मणीधारी दादागुरुदेव भोजनालय में प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है कि वे 4 जुलाई 2026 की शाम लगभग 7 बजे भोजनशाला बंद कर अपने घर चले गए थे।

अगली सुबह 5 जुलाई को करीब 5 बजे भोजनशाला के रसोइया एन. चलपति राव और अजय जैन ने उन्हें फोन कर भोजनशाला में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर वे तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां रसोई का सामान बिखरा हुआ मिला तथा भोजनशाला की साइड वाली खिड़की खुली हुई थी।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि अज्ञात चोर 4 जुलाई की शाम 7 बजे से 5 जुलाई की सुबह 5:30 बजे के बीच खिड़की के रास्ते भोजनशाला में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

चोरी गए सामान में शामिल हैं:

  • 19 किलोग्राम का भरा हुआ इंडेन गैस सिलेंडर
  • एक बड़ा पीतल का ड्रम
  • दो बड़ी जर्मन कड़ाही
  • एक टिन सनफ्लावर तेल
  • उड़द दाल, मूंग दाल, गुड़ एवं काबुली चना
  • 40 किलोग्राम मोटा चावल की एक बोरी

चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹13,500 बताई गई है।

घटना की जानकारी भोजनशाला के कर्मचारी एन. चलपति राव और अजय जैन को भी है। शिकायत के आधार पर कुम्हारी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में हुई चोरी की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।