बुजुर्ग दंपत्ति को हथियार दिखाकर लूटने वाला आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई

 बुजुर्ग दंपत्ति को हथियार दिखाकर लूटने वाला आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई

भिलाई। रिसाली स्थित एक आवासीय परिसर में घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति को धारदार हथियार दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घटना के महज एक दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी वी. कुमार (59 वर्ष), निवासी शुभकामना हाइट्स, प्रगति नगर, रिसाली ने थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई को वह ड्यूटी पर गया हुआ था। इसी दौरान घर में कार्य करने वाली महिला ने सूचना दी कि उनके सास-ससुर के फ्लैट में एक अज्ञात युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर घुस आया है। आरोपी ने बुजुर्ग दंपत्ति को धारदार हथियार दिखाकर भयभीत किया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नगदी की मांग की। इस दौरान वह सोने का नेकलेस लेकर फरार हो गया।

शिकायत मिलते ही थाना नेवई पुलिस ने अपराध क्रमांक 436/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 351(3), 333 और 127(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान तथा अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली।

जांच के दौरान पुलिस ने विभान्शु महोबिया (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी मूलतः मंडला (मध्यप्रदेश) जिले का निवासी है और वर्तमान में भिलाई नगर क्षेत्र में रह रहा था। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, धारदार हथियार तथा घटना के समय पहने गए कपड़े जप्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने लूट की नीयत से बुजुर्ग दंपत्ति को निशाना बनाया था और उन्हें डरा-धमकाकर संपत्ति हासिल करने का प्रयास किया।

यह पूरी घटना रिसाली के प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स के फ्लैट क्रमांक-109 में हुई थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

इस कार्रवाई में थाना नेवई की क्राइम टीम, थाना प्रभारी नेवई, उपनिरीक्षक सुरेंद्र तारम, प्रधान आरक्षक नंदलाल तथा आरक्षक रवि बिसाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।