प्रदेश सरकार पर गरीब ग्रामीणों को बेघर करने का आरोप, कांग्रेस नेताओं ने कार्रवाई को बताया जनविरोधी, दुर्ग में मुख्यमंत्री का पुतला दहन
दुर्ग। नकटी गांव में कथित बेदखली कार्रवाई को लेकर प्रदेश की राजनीति लगातार गरमा रही है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नकटी गांव के लोगों के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार करते हुए उन्हें बेघर किया गया है, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। नेताओं ने कहा कि सरकार को विकास और प्रशासनिक कार्रवाई के नाम पर गरीबों और ग्रामीणों के हितों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि नकटी गांव के लोगों को न्याय नहीं मिला और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
इस विरोध प्रदर्शन में दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, जिला महामंत्री एवं पाटन विधानसभा-जामगांव आर के प्रभारी राम सूर्यवंशी, दुर्ग असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल वर्मा, पार्षद भारती राम सूर्यवंशी, प्रेम मिश्रा, ऋषभ तिवारी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि नकटी गांव के प्रभावित परिवारों के साथ न्याय किया जाए तथा बेदखली से प्रभावित लोगों के पुनर्वास और मूलभूत अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

