डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को राष्ट्र कभी नहीं भूलेगा : ए. गौरीशंकर
भाजपा चरोदा मंडल द्वारा श्रद्धापूर्वक मनाया गया बलिदान दिवस, कार्यकर्ताओं ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि
भिलाई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन के आह्वान एवं प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन तथा भिलाई जिला संगठन के निर्देशानुसार भाजपा चरोदा मंडल द्वारा सोमवार 23 जून को भारत के महान राष्ट्रवादी चिंतक, शिक्षाविद् एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष ए. गौरीशंकर ने कहा कि “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ के सिद्धांत को लेकर संघर्ष किया और देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका राष्ट्रवादी चिंतन आज भी करोड़ों देशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान भारतीय लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। देश उनके योगदान को सदैव स्मरण रखेगा।
इस अवसर पर जिला प्रभारी रविशंकर सिंह, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा खिलावन साहू, मंडल महामंत्री पूर्णिमा ठाकुर, राजेश मौर्य, पार्षद नंदिनी जांगड़े, संजय यादव, संयोजक टी. रमन्ना, सहसंयोजक पार्थो बाग, बलजीत कौर, उपनेता प्रतिपक्ष चंद्र प्रकाश पांडेय, उपाध्यक्ष परमजीत सिंह, प्रमिला टांडी, एम. अरुण, मंत्री वेद प्रकाश पांडेय, अंकित बनर्जी, नारायण रेड्डी, डी. वेंकट, लोहिदास दुखितराम, पूनम श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्रहित में दिए गए अद्वितीय योगदान को स्मरण किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

