रायपुर में ‘भारत भाग्य विधाता’ की भव्य स्क्रीनिंग: कंगना रनौत के साथ मुख्यमंत्री साय ने देखी फिल्म, 12 जून को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार को आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। जोरा स्थित द मॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में फिल्म की मुख्य अभिनेत्री कंगना रनौत ने विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ फिल्म देखने पहुंचे। इस अवसर पर फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया, कलाकारों तथा फिल्म निर्माण से जुड़े कई सदस्य भी मौजूद रहे।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
विशेष स्क्रीनिंग कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। फिल्म प्रदर्शन के बाद कलाकारों और अतिथियों ने फिल्म की विषयवस्तु एवं संदेश पर अपने विचार साझा किए।
कंगना बोलीं – यह किरदार निभाने के बाद बदला नजरिया
फिल्म की मुख्य अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों की उपस्थिति में फिल्म की स्क्रीनिंग होना पूरी टीम के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि फिल्म में निभाए गए अपने किरदार ने उन्हें उन लोगों के संघर्ष और समर्पण को करीब से समझने का अवसर दिया, जो पर्दे के पीछे रहकर समाज और देश के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं।
कंगना ने कहा कि फिल्म केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि कर्तव्य, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को भी दर्शाती है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में देश के अन्य राज्यों में भी फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी।
‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ की भावना से प्रभावित हुईं अभिनेत्री
कंगना रनौत ने फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया के साथ हुई चर्चाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, यहां के लोगों की आत्मीयता और “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” की भावना ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सकारात्मक सोच और लोगों का अपनापन उन्हें हमेशा याद रहेगा।
26/11 की पृष्ठभूमि पर आधारित है फिल्म
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के लिए छत्तीसगढ़ को चुना गया। उन्होंने अभिनेत्री कंगना रनौत और पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फिल्म में एक संवेदनशील विषय को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि फिल्म की कहानी 26/11 मुंबई आतंकी हमले की पृष्ठभूमि से जुड़ी है और इसमें विपरीत परिस्थितियों में मानवता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का सशक्त संदेश देखने को मिलता है।
युवाओं के लिए प्रेरणादायी साबित होगी फिल्म: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह फिल्म दर्शकों को केवल भावनात्मक रूप से जोड़ती ही नहीं, बल्कि संकट के समय मानवता और सेवा भाव का महत्व भी बताती है। उन्होंने विश्वास जताया कि फिल्म समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने में सफल होगी और विशेष रूप से युवाओं को प्रेरित करेगी।
फिल्म के प्रति अपना उत्साह व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि उन्हें फिल्म को अंक देने हों, तो वे इसे “10 में से 10” अंक देना पसंद करेंगे।
12 जून को देशभर में होगी रिलीज
देशभक्ति, मानवीय संवेदनाओं और साहस की कहानी को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने वाली फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ आगामी 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ती दिखाई दे रही है और रायपुर में आयोजित विशेष स्क्रीनिंग ने इसकी चर्चा को और तेज कर दिया है।

