मंकी रिजॉर्ट के पीछे चल रहा था जुआ फड़, 15 जुआरी गिरफ्तार

 मंकी रिजॉर्ट के पीछे चल रहा था जुआ फड़, 15 जुआरी गिरफ्तार

पुलगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹4.34 लाख की नगदी, वाहन और मोबाइल जब्त

दुर्ग। जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुलगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंकी रिजॉर्ट के पीछे संचालित एक जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 15 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, ताश पत्ती, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल ₹4.34 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार थाना पुलगांव को सूचना मिली थी कि गोकुलधाम स्थित मंकी रिजॉर्ट के पीछे कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और रेड कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान 15 लोगों को रंगे हाथों जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से ₹1.82 लाख नगद, 52 पत्ती ताश, 12 मोटरसाइकिल तथा 19 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामग्री को जब्त कर लिया है। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग ₹4 लाख 34 हजार आंका गया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 530/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 एवं 4 के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की सतर्कता से खुला जुआ अड्डा

जानकारी के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से जुआ खेल रहे थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित जुआ फड़ का भंडाफोड़ हुआ। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

जब्त सामग्री

  • नगदी रकम – ₹1,82,000
  • 52 पत्ती ताश
  • 12 मोटरसाइकिल – अनुमानित कीमत ₹1,80,000
  • 17 टच स्क्रीन मोबाइल फोन – अनुमानित कीमत ₹68,000
  • 2 कीपैड मोबाइल फोन – अनुमानित कीमत ₹4,000

कुल जप्ती मूल्य – ₹4,34,000

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सोनू चौहान, फिरोज खोखर, शब्बीर खान, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद जुनैद, पारस चंद्राकर, अजीम अहमद, मोहम्मद जमील, एकांत साहू, जमील खान, शिवा साहू, मृत्युंजय चंद्राकर, साहिद, चंद्रपाल यादव एवं प्रकाश देवांगन को गिरफ्तार किया है।

अवैध गतिविधियों पर रहेगा शिकंजा

थाना पुलगांव पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चल रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों और सुनसान इलाकों में संचालित अवैध जुआ अड्डों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें। यदि कहीं भी ऐसी गतिविधियां संचालित होती दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।