सोमनी सहकारी समिति का निरीक्षण करेंगे भूपेश बघेल, किसानों की समस्याओं से होंगे रूबरू
भिलाई-चरोदा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार 6 जून को भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 38 स्थित ग्राम सोमनी पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:30 बजे ग्राम सोमनी की सहकारी समिति का निरीक्षण करेंगे तथा किसानों को खाद-बीज उपलब्धता में आ रही समस्याओं का जायजा लेंगे।
कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर तथा भिलाई-चरोदा के महापौर निर्मल कोसरे भी शामिल रहेंगे। कांग्रेस नेताओं द्वारा सहकारी समिति में डीएपी खाद एवं बीज की उपलब्धता, किसानों को हो रही परेशानियों तथा कृषि कार्यों पर पड़ रहे प्रभाव की जानकारी ली जाएगी। साथ ही किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुना जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भिलाई-चरोदा के अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा ने क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार प्रयासरत है।
गौरतलब है कि खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले कई क्षेत्रों में डीएपी खाद एवं बीज की उपलब्धता को लेकर किसानों द्वारा चिंता जताई जा रही है। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का यह दौरा किसानों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम विवरण
- स्थान: सहकारी समिति परिसर, ग्राम सोमानी, वार्ड क्रमांक-38, भिलाई-चरोदा
- दिनांक: 06 जून 2026 (शनिवार)
- समय: सुबह 11:30 बजे

