चैतन्य बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस का संगठनात्मक मंथन, बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर

 चैतन्य बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस का संगठनात्मक मंथन, बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर

कांग्रेस ने शुरू की बूथ और वार्ड सृजन की तैयारी, संगठन विस्तार को लेकर गांव-गांव पहुंच रहे नेता

रानीतराई। आगामी चुनावी रणनीति और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा रानीतराई क्षेत्र में वार्ड सृजन एवं बूथ सृजन अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क और बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 3 जून 2026 को क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

बैठक में कांग्रेस संगठन को प्रत्येक गांव और बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा जनता की समस्याओं को संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाने पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि मजबूत बूथ संरचना ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होती है और इसी आधार पर कांग्रेस आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करेगी।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सुपुत्र चैतन्य बघेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों तथा गांव-गांव तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व ओएसडी आशीष वर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में राम सूर्यवंशी (जिला महामंत्री एवं जामगांव आर प्रभारी), राजेश ठाकुर (ब्लॉक अध्यक्ष जामगांव आर), राहुल वर्मा (जिलाध्यक्ष असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस), पार्षद भारती राम सूर्यवंशी, प्रेम मिश्रा, लक्ष्मी नारायण मारकंडे, विजय पुरी, नामदास कुर्रे, छवि गोलू, ऋषभ तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, बूथ समितियों के गठन, वार्ड स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा जनहित के मुद्दों पर पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नेताओं ने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से कांग्रेस क्षेत्र में और अधिक सशक्त होकर जनता की आवाज को बुलंद करेगी।