मनरेगा बचाओ अभियान के तहत मजदूरों को किया गया जागरूक, भाजपा सरकार पर अधिकार छीनने का आरोप

 मनरेगा बचाओ अभियान के तहत मजदूरों को किया गया जागरूक, भाजपा सरकार पर अधिकार छीनने का आरोप

दुर्ग। प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक बोरकर के निर्देशानुसार असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में “मनरेगा बचाओ अभियान” चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ग्राम मोखली, खर्रा एवं रेंगा बहेरा पहुंचकर मनरेगा में कार्यरत मजदूरों से संवाद किया तथा उन्हें उनके अधिकारों और योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्रदान की।

अभियान के दौरान नेताओं ने ग्रामीण मजदूरों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार मनरेगा श्रमिकों के हितों की अनदेखी कर रही है तथा विभिन्न नीतियों के माध्यम से उनके अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने मजदूरों को जागरूक करते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और श्रमिकों के लिए रोजगार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसे कमजोर करने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।

इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के जिला महामंत्री एवं केकेसी प्रदेश सचिव राम सूर्यवंशी ने कहा कि मनरेगा ने ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों परिवारों को रोजगार और आर्थिक संबल प्रदान किया है। उन्होंने श्रमिकों से संगठित होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

वहीं केकेसी जिलाध्यक्ष राहुल वर्मा ने कहा कि संगठन लगातार गांव-गांव जाकर श्रमिकों को जागरूक करने का कार्य कर रहा है ताकि उन्हें योजनाओं की सही जानकारी मिल सके और वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।

अभियान में प्रमुख रूप से पार्षद भारती राम सूर्यवंशी, प्रेम मिश्रा, विजय पुरी, मोंटी यादव, लक्ष्मी नारायण मरकाम, नामदास कुर्रे, छवि, गोलू, ऋषभ तिवारी एवं अजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्रामीण मजदूरों ने भी अपनी समस्याएं और मांगें संगठन के पदाधिकारियों के समक्ष रखीं।

“मनरेगा बचाओ अभियान” के माध्यम से संगठन आगामी दिनों में जिले के अन्य गांवों में भी जनजागरण कार्यक्रम चलाकर श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा।