शर्मनाक घटना : लिफ्ट देने के बहाने महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर चलती कार से फेंका, एक नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार
कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र से महिला सुरक्षा को लेकर एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। महिला दिवस से ठीक पहले हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के मुताबिक, कांकेर से भानुप्रतापपुर लौट रही एक महिला को लिफ्ट देने के बाद कार सवार दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला को चलती कार से नीचे फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गई।
इलाज के लिए गई थी कांकेर
मिली जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिला शनिवार को इलाज के लिए कांकेर गई थी। शाम के समय वह भानुप्रतापपुर वापस लौटने के लिए माकड़ी तिराहा पर किसी वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक ईको कार वहां पहुंची, जिसमें पहले से कुछ यात्री सवार थे। महिला भी उसी वाहन में बैठ गई।
रास्ते में उतर गए यात्री, महिला रह गई अकेली
भानुप्रतापपुर से लगभग 15 किलोमीटर पहले कार में बैठे दो यात्री उतर गए। इसके बाद कार में महिला अकेली रह गई। मौका देखकर कार चला रहे दोनों युवकों ने महिला के साथ अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया। महिला ने इसका विरोध किया और खुद को बचाने की कोशिश की।
विरोध करने पर चलती कार से फेंका
महिला के विरोध और शोर मचाने से घबराकर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बावजूद जब महिला चिल्लाती रही तो भानबेड़ा के पास पहुंचते ही आरोपियों ने उसे चलती कार से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। घटना में महिला को चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को तुरंत भानबेड़ा के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और इलाके में नाकेबंदी कर दी गई।
पुलिस की घेराबंदी में आरोपी गिरफ्तार
भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख के नेतृत्व में पुलिस ने सभी थानों को अलर्ट कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। इसी दौरान जानकारी मिली कि संदिग्ध कार हटकर्रा इलाके में देखी गई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।
चोरी की निकली कार
जांच के दौरान पता चला कि घटना में इस्तेमाल की गई कार धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र से चोरी की गई थी। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद धमतरी पुलिस भी जांच के लिए कोरर पहुंच गई है।
एक नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में हरेंद्र पोया निवासी हरनपुरी थाना कोरर और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

