छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी विश्वरंजन का निधन, पटना के अस्पताल में ली अंतिम सांस

 छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी विश्वरंजन का निधन, पटना के अस्पताल में ली अंतिम सांस

रायपुर: छत्तीसगढ़ पुलिस के पूर्व महानिदेशक (DGP) विश्वरंजन का शनिवार रात निधन हो गया। उन्होंने पटना स्थित मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और वहीं उनका इलाज जारी था। उनके निधन की खबर सामने आते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में शोक का माहौल है।

कार्डियक समस्या के कारण थे अस्पताल में भर्ती

जानकारी के अनुसार विश्वरंजन को हृदय से जुड़ी परेशानी के चलते पिछले महीने पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन शनिवार देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।

छत्तीसगढ़ के छठवें डीजीपी थे विश्वरंजन

विश्वरंजन छत्तीसगढ़ के छठवें पुलिस महानिदेशक रहे। वर्ष 2007 में तत्कालीन डीजीपी ओ.पी. राठौर के आकस्मिक निधन के बाद राज्य सरकार ने उन्हें डीजीपी पद की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने करीब चार वर्षों तक इस पद पर रहकर छत्तीसगढ़ पुलिस का नेतृत्व किया।

आईबी में भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

1973 बैच के आईपीएस अधिकारी विश्वरंजन को जुलाई 2007 में डेपुटेशन से वापस बुलाकर छत्तीसगढ़ का डीजीपी बनाया गया था। मध्यप्रदेश के विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला था। इससे पहले वे लंबे समय तक इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में प्रतिनियुक्ति पर रहे और वहां एडिशनल डायरेक्टर के पद तक पहुंचे।

पुलिस और प्रशासनिक महकमे में शोक

पूर्व डीजीपी के निधन की खबर से पुलिस विभाग सहित प्रशासनिक अधिकारियों में शोक की लहर है। कई वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।