आईडीबीआई बैंक के कर्मचारियों पर 55.70 लाख के गबन का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार
धरसीवां: रायपुर जिले के धरसीवां थाना क्षेत्र में स्थित आईडीबीआई बैंक की चरौदा शाखा से जुड़ा एक बड़ा वित्तीय गबन सामने आया है। बैंक में कार्यरत दो कर्मचारियों पर ग्राहकों के खातों से करीब 55.70 लाख रुपये निकालकर हड़पने का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
ब्लैंक चेक लेकर निकाले 40 लाख रुपये
शिकायतकर्ता नरेंद्र वर्मा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी मनीषा वर्मा के साथ मिलकर आईडीबीआई बैंक चरौदा शाखा में लगभग 40 लाख रुपये जमा किए थे। इस राशि को फिक्स डिपॉजिट कराने के लिए उन्होंने बैंक कर्मचारी राजा खुंटे से संपर्क किया।
आरोप है कि राजा खुंटे ने विश्वास में लेकर उनसे ब्लैंक चेक ले लिया और एफडी कराने की पावती भी दे दी। बाद में जांच में सामने आया कि आरोपी ने उसी ब्लैंक चेक का दुरुपयोग कर अलग-अलग तारीखों में पूरी राशि खाते से निकाल ली।
जांच में खुला गबन का मामला
बैंक स्टेटमेंट और दस्तावेजों की जांच के बाद मामले की सच्चाई सामने आई। पुलिस ने जांच पूरी होने के बाद आरोपी राजा खुंटे को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य खातों से भी लाखों की निकासी
जांच के दौरान एक और मामले का खुलासा हुआ, जिसमें दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी पर ग्राहकों के खातों से रकम निकालने का आरोप लगा। पुलिस के अनुसार उसने:
- गोवर्धन प्रसाद दीवान और उनकी पत्नी के खाते से – 8,70,000 रुपये
- स्वाति वर्मा के खाते से – 7,00,000 रुपये
इस तरह कुल मिलाकर लगभग 55.70 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
धरसीवां पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- राजा खुंटे, पिता भक्तु राम खुंटे, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम जुनवानी, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार
- दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी, पिता मनहरण प्रसाद शर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम टेंगाभाठा, थाना बेरला, जिला बेमेतरा

