बिलासपुर में उठाईगिरी: कार से 8 लाख रुपए से भरा बैग पार
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार रात एक व्यापारी के साथ बड़ी उठाईगिरी की घटना सामने आई है। अज्ञात आरोपी ने मौका पाकर कार में रखे लाखों रुपए से भरे बैग पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
दुकान बंद करते समय हुआ वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, शहर के व्यापार विहार छोटी पार्किंग क्षेत्र में स्थित हरे कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपनी दुकान बंद कर रहे थे। दुकान का गल्ला बंद करने के बाद उन्होंने नगदी से भरा बैग अपनी कार में रख दिया और शटर बंद करने लगे।
मौका देखकर आरोपी ने उड़ाया बैग
इसी दौरान मौके की तलाश में घूम रहा एक अज्ञात युवक कार के पास पहुंचा। कार का दरवाजा खुला देखकर उसने तुरंत अंदर रखा बैग उठाया और वहां से भाग निकला। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 8 लाख रुपये नकद रखे हुए थे।
CCTV फुटेज में दिखा आरोपी
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें आरोपी की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। फुटेज में युवक कार के पास आता और बैग लेकर तेजी से भागता नजर आ रहा है।
मौके पर पहुंचे एसएसपी, पुलिस अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम को आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने शहर और आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया है।
साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके।

