कुम्हारी में अज्ञात महिला हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा – 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ के बाद आरोपी गिरफ्तार
Alert chhattisgarh | प्रतिनिधि | कुम्हारी |
मुख्य बिंदु :
- थाना कुम्हारी क्षेत्र में अज्ञात महिला की हत्या का सफल खुलासा
- पांच विशेष टीमों की व्यापक जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार
- 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ, 100 घंटे से अधिक CCTV विश्लेषण
- अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्यवाही जारी
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 17 जनवरी 2026 को थाना कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत केवल्य धाम के पीछे परसदा खार स्थित खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, पंचनामा एवं आवश्यक साक्ष्य संकलन किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मृत्यु गला दबाकर हत्या किए जाने से होना प्रमाणित हुआ। इसके आधार पर अपराध क्रमांक 58/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच की प्रक्रिया
अज्ञात महिला की पहचान एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा क्षेत्र के गली-मोहल्लों, आसपास के गांवों और संभावित स्थानों पर फोटो दिखाकर पहचान का प्रयास किया गया।
- 1000 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ
- 100 घंटे से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण
- लाखों कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का तकनीकी परीक्षण
- जिला एवं अंतरजिला गुमशुदगी रिकॉर्ड का मिलान
जांच दल ने प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से देर रात तक सतत फील्ड वेरिफिकेशन और तकनीकी समन्वय के माध्यम से कार्यवाही की।
आरोपी की गिरफ्तारी
संकलित साक्ष्यों एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर महाराजा देवार उर्फ राजा देवार (उम्र 22 वर्ष), निवासी राम नगर बजरंग चौक वार्ड क्रमांक 07, कुम्हारी जिला दुर्ग को 28 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने महिला को बहला-फुसलाकर खेत में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने तथा विरोध करने पर गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
घटना का कारण
दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर हत्या।
घटनास्थल
केवल्य धाम के पीछे, परसदा खार स्थित खेत, थाना कुम्हारी, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री
- एक चप्पल
- घटना दिनांक को पहना हुआ शर्ट (दो बटन टूटा हुआ)
- घटनास्थल से प्राप्त शर्ट का बटन
- एक ए-वन पाउच
- एक पानी की बोतल
सराहनीय कार्य
प्रकरण के खुलासे में थाना कुम्हारी के थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी, उप निरीक्षक, ACCU टीम, साइबर सेल एवं समस्त थाना स्टाफ की समन्वित भूमिका रही। पांच विशेष टीमों के निरंतर फील्ड वर्क और तकनीकी विश्लेषण से प्रकरण का सफल अनावरण हुआ।

