ओशो- भारत को एक युवा अध्यात्म चाहिए। युवा अध्यात्म! बूढ़ा अध्यात्म हमारे पास बहुत है। हमारे पास ऐसा अध्यात्म है, जो बूढ़ा करने की कीमिया है, केमिस्ट्री है। हमारे पास ऐसी आध्यात्मिक तरकीबें हैं कि किसी भी जवान के आस-पास उन तरकीबों का उपयोग करो, वह फौरन बूढ़ा हो जाएगा। हमने बूढ़े होने का राज खोज लिया है, सीक्रेट खोज लिया है।
बूढ़े होने के राज क्या हैं?
बूढ़े होने का राज है: जीवन पर ध्यान मत रखो, मौत पर ध्यान रखो। पहला सीक्रेट। जिंदगी पर ध्यान मत देना, ध्यान रखना मौत का। जिंदगी की खोज मत करना, खोज करना मोक्ष की। इस पृथ्वी की फिक्र मत करना, फिक्र करना परलोक की, स्वर्ग की। यह बूढ़े होने का पहला सीक्रेट है। जिन-जिन को बूढ़ा होना हो, इसको नोट कर लें। कभी जिंदगी की तरफ मत देखना। अगर फूल खिल रहा हो, तो तुम खिलते फूल की तरफ मत देखना, तुम बैठ कर सोचना कि जल्दी ही यह मुरझा जाएगा। यह तरकीब है।
अगर एक गुलाब के पौधे के पास खड़े हो, तो फूलों की गिनती मत करना, कांटों की गिनती कर लेना–कि सब असार है, कांटे ही कांटे पैदा होते हैं। एक फूल खिलता है मुश्किल से हजार कांटों में। हजार कांटों की गिनती कर लेना। उससे जिंदगी असार सिद्ध करने में बड़ी आसानी मिलेगी।
अगर दिन और रात को देखो, तो ऐसा कभी मत देखना कि दो दिनों के बीच में एक रात है; हमेशा ऐसा देखना कि दो रातों के बीच में एक छोटा सा दिन है। बूढ़े होने की तरकीब कह रहा हूं। जिंदगी में जहां-जहां अंधेरा हो, उसको मैग्नीफाई करना। बड़ा दिखाने वाला कांच अपने पास रखना, जहां अंधेरा दिखाई पड़े, फौरन मैग्नीफाई ग्लास लगा देना, बड़ा भारी अंधेरा देखना। और जहां रोशनी दिखाई पड़े, वहां छोटा कर देने वाला ग्लास अपने पास रखना, जो जल्दी से रोशनी को छोटा कर दे। जहां फूल दिखाई पड़ें, गिनती मत करना, फौरन सोच लेना कि फूल! क्या रखा है फूल में? क्षणभंगुर है, अभी खिला है, अभी मुरझा जाएगा। कांटा! कांटा स्थायी है, शाश्वत है, सनातन है; न कभी खिलता है, न कभी मुरझाता है। हमेशा है, इन बातों पर ध्यान देने से आदमी बड़ी जल्दी बूढ़ा हो जाता है।
मैंने सुना है कि न्यूयार्क की एक सौवीं मंजिल से एक आदमी गिर रहा था। सौवीं मंजिल से वह आदमी गिर रहा था, जब वह पचासवीं मंजिल के पास से गुजर रहा था खिड़की के, तो एक आदमी ने झांक कर उससे चिल्ला कर पूछा कि दोस्त क्या हाल हैं?
उसने कहा, अभी तक तो सब ठीक है।
यह आदमी गड़बड़ आदमी है। यह आदमी जवान होने का ढंग जानता है। लेकिन यह ठीक नहीं है। उस आदमी ने कहा, अभी तक सब ठीक है। अभी जमीन तक पहुंचे नहीं हैं, जब पहुंचेंगे तब देखेंगे। अभी पचासवीं खिड़की तक सब ठीक चल रहा है–ओ के! यह आदमी जवान होने की तरकीब जानता है।
लेकिन हमको ऐसी तरकीबें कभी नहीं सीखनी चाहिए। हमें तो बूढ़े होने के रास्ते पर चलना चाहिए। बूढ़े होने का रास्ता–पहली बात, कभी जिंदगी में जो सुंदर हो उसकी तरफ ध्यान मत देना, जो असुंदर हो उसको खोजबीन करना। अगर किसी गांव में आप जाएं और कोई आदमी आकर कहे कि फलां आदमी बहुत बड़ा संगीतज्ञ है, इतनी अदभुत बांसुरी बजाता है! तो फौरन उससे कहना कि वह बांसुरी क्या खाक बजाएगा। वह आदमी चोर है, बेईमान है, बांसुरी कैसे बजा सकता है! आप धोखे में पड़ गए होंगे, वह आदमी पक्का चोर-बेईमान है, वह बांसुरी नहीं बजा सकता।
यह बूढ़े होने की तरकीब है।
अगर जवान आदमी उस गांव में जाएगा और कोई उससे कहेगा, उस आदमी को जानते हैं? वह बड़ा चोर-बेईमान है। तो वह जवान आदमी कहेगा, यह कैसे हो सकता है कि वह चोर और बेईमान हो! मैंने उसे बड़ी सुंदर बांसुरी बजाते देखा है। इतनी अदभुत जो बांसुरी बजाता है, वह चोर नहीं हो सकता।
बूढ़े के जिंदगी को देखने का ढंग है–दुखद को देखना, अंधेरे को देखना, मौत को देखना, कांटे को देखना। हिंदुस्तान हजारों साल से दुखद को देख रहा है। जन्म भी दुख है, जीवन भी दुख है, मरण भी दुख है! प्रियजन का बिछुड़ना दुख है, अप्रियजन का मिलना दुख है, सब दुख है! मां के पेट में दुख झेलो, फिर जन्म का दुख झेलो, फिर बड़े होने का दुख झेलो, फिर जिंदगी के गृहस्थी के चक्कर झेलो, फिर बुढ़ापे की बीमारियां झेलो, फिर मौत झेलो, फिर जलने की आग में अंतिम पीड़ा झेलो! ऐसा जीवन एक दुख की लंबी कथा है। बूढ़ा होना है तो इसका स्मरण करना चाहिए।
बूढ़ा होना है तो बगीचों में कभी नहीं जाना चाहिए, हमेशा मरघट पर बैठ कर ध्यान करना चाहिए, जहां आदमी जलाए जाते हों। सुंदर से बचना चाहिए, असुंदर को देखना चाहिए। विकृत को देखना चाहिए, स्वस्थ को छोड़ना चाहिए। सुख मिले तो कहना चाहिए–क्षणभंगुर है; अभी है, अभी खत्म हो जाएगा। दुख मिले तो छाती से लगा कर बैठ जाना चाहिए। और सदा आंखें रखनी चाहिए जीवन के उस पार, कभी इस जीवन पर नहीं। इस जीवन को समझना चाहिए एक वेटिंग रूम है।
जैसे बड़ौदा के स्टेशन पर वेटिंग रूम हो, उसमें बैठे हैं आप थोड़ी देर। वहीं छिलके फेंक रहे हैं, वहीं पान थूक रहे हैं। क्योंकि हमको क्या करना है, अभी थोड़ी देर में हमारी ट्रेन आएगी और हम चले जाएंगे! तुमसे पहले जो बैठा था, वह भी वेटिंग रूम के साथ यही सदव्यवहार कर रहा था, तुम भी वही सदव्यवहार करो, तुम्हारे बाद वाला भी वही करेगा। वेटिंग रूम गंदगी का एक घर बन जाएगा। क्योंकि किसी को क्या मतलब है! हमको तो थोड़ी देर रुकना है तो आंख बंद करके राम-राम जप कर गुजार देंगे। अभी ट्रेन आती है, चले जाएंगे।
जिंदगी के साथ जिन लोगों की आंखें मौत के पार लगी हैं, उनका व्यवहार वेटिंग रूम का व्यवहार है। वे कहते हैं, क्षण भर की जिंदगी है; अभी जाना है। क्या करना है हमें! हिंदुस्तान के संत-महात्मा यही समझा रहे हैं लोगों को–क्षणभंगुर है जिंदगी, इसके माया-मोह में मत पड़ना। ध्यान वहां रखना–मौत पर, आगे, मौत के बाद। इस छाया में सारा देश बूढ़ा हो गया है।
अगर जवान होना है तो जिंदगी को देखना, मौत को लात मार देना। मौत से क्या प्रयोजन है? जब तक जिंदा हैं, तब तक जिंदा हैं। तब तक मौत नहीं है।
ओशो आश्रम उम्दा रोड भिलाई-3
संभोग से समाधि की ओर-(प्रवचन-11)





