महापौर ने स्वयं किया शीतला तालाब और बोरसी तालाब का निरीक्षण, जलकुंभी, प्लास्टिक और कचरा हटाने विशेष अभियान चलाने के निर्देश
दुर्ग। छठ पर्व को देखते हुए दुर्ग नगर निगम ने शहर के तालाबों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई की तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर अलका बाघमार ने गुरुवार को स्वयं विभिन्न तालाबों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को छठ पर्व से पहले सभी प्रमुख तालाबों एवं घाटों की बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने वार्ड क्रमांक 29 स्थित सिविल लाइन शीतला तालाब और वार्ड क्रमांक 50 स्थित बोरसी तालाब सहित शहर के अन्य तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग करते हुए अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए तालाबों और घाटों की सफाई युद्धस्तर पर प्रतिदिन कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जलकुंभी, प्लास्टिक और अपशिष्ट हटाने विशेष अभियान
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर के तालाबों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए नियमित सफाई कर्मचारियों के साथ मशीनों की भी मदद ली जा रही है। तालाबों में फैली जलकुंभी, तैरता हुआ कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही घाटों की सीढ़ियों, किनारों और आसपास के क्षेत्रों की भी सफाई कराई जा रही है, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
महापौर अलका बाघमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन तालाबों में जलकुंभी और कचरे की अधिकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराई जाए। सभी प्रमुख छठ घाटों की सफाई समय-सीमा में पूरी हो और पर्व के दौरान भी स्वच्छता व्यवस्था लगातार बनी रहे।
श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता
गौरतलब है कि छठ पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु तालाबों एवं जलाशयों में पहुंचकर सुबह और शाम भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाटों की स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है।
महापौर अलका बाघमार ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे तालाबों एवं घाटों में कचरा, प्लास्टिक और पूजन सामग्री इधर-उधर न फेंकें। धार्मिक आस्था के इस महापर्व पर स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालु स्वच्छ वातावरण में छठ पर्व मना सकें।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग प्रभारी निलेश अग्रवाल, एमआईसी सदस्य ज्ञानेश्वर ताम्रकर, ज्ञानदास बंजारे, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, जितेंद्र राजपूत, मनोहर शिंदे, दुर्गेश कुमार सहित निगम की टीम उपस्थित रही।





