ओशो- मंदिर का एक वर्तुल है, उसके अपने आविष्ट क्षेत्र का—जो जीवन्त है, उस जीवत्त वर्तुल का पूरे गांव के लिए उपयोग था। और उससे परिणाम आये थे।
हजारों हजारों साल तक भारत के गांव की जो निर्दोषता और पवित्रता थी, उसमें गांव कम जिम्मेवार था, उस गांव का मंदिर आविष्ठ था, वही ज्यादा जिम्मेवार था। तो जिस गांव में मंदिर नहीं था, उससे दीन गांव नहीं था। कितना ही गरीब गांव हो, मंदिर तो उसका होना ही था।
मंदिर के बिना सब अस्त—व्यस्त था। हजारों वर्ष तक गांव ने एक तरह की पवित्रता कायम रखी। उस पवित्रता के बड़े अदृश्य स्रोत हैं।
पूरब की संस्कृति को तोड्ने के लिए जो सबसे बड़ा काम हो सकता था वह मंदिर के आविष्ट रूप को तोड़ देना था। मंदिर का आविष्ट रूप टूट जाए तो पूरब की पूरी संस्कृति का जो आत्मस्रोत है वह बिखर जाता है।
इसलिए आज मंदिर पर भारी संदेह है। और जो भी थोड़ा पढ़ा—लिखा हुआ, जिसे मंदिर के जीवन्त रूप का ‘कोई अनुभव नहीं रहा, उसने केवल शब्द और तर्क सीखे स्कूल और कालेज में।
जिसके पास सिर्फ बुद्धि रही और हृदयगत कोई द्वार न रहा, उसे मंदिर के पास जाकर कुछ दिखाई नहीं पड़ा। उसने कहा, कुछ भी नहीं है मंदिर में। धीरे— धीरे मंदिर का अर्थ टूटता चला गया।
भारत पुन: कभी भारत नहीं हो सकता जब तक उसका मंदिर जीवन्त न हो जाए। उसकी सारी कीमिया, सारी अल्केमी ही मंदिर में थी, जहां से उसने सब कुछ लिया था। चाहे बीमार हुआ हो तो मंदिर भागकर गया था, चाहे दुखी हुआ तो मंदिर भागकर गया, चाहे सुखी हुआ तो मंदिर धन्यवाद देने गया था। घर में खुशी आई हो तो मंदिर में प्रसाद चढ़ा आया। घर में तकलीफ आयी हो तो मंदिर में निवेदन कर आया।
सब कुछ उसका मंदिर था। सारी आशाएं सारी आकांक्षाऐं सारी अभीप्साएं उसकी मंदिर के आस—पास थीं। खुद कितना ही दीन रहा हो, मंदिर को उसने सोने और हीरे—जवाहरातों से सजा रखा था।
आज जब हम सोचने बैठते हैं तो यह बिलकुल पागलपन मालूम पड़ता है कि आदमी भूखों मर रहा है और मंदिर की प्रतिष्ठा हो रही है। मंदिर को हटाओ, एक अस्पताल बना लो। एक स्कूल खोल दो। इसमें शरणार्थी ही ठहरा दो। इस मंदिर का कुछ उपयोग कर लो। क्योंकि मंदिर का वास्तविक उपयोग हमें पता नहीं है, इसलिए वह बिलकुल निरुपयोगी मालूम हो रहा है। लगता है उसमें कुछ भी तो नहीं है। फिर मंदिर में क्या जरूरत है सोने की, क्या जरूरत है चांदी की, और मंदिर में क्या जरूरत है हीरों की, जब कि लोग भूखों मर रहे हैं!
लेकिन ध्यान रहे भूखों मरनेवाले लोगों ने ही हीरा और सोना बहुत दिन से लगा रखा है। उसके कुछ कारण थे। जो भी उन लोगों के पास श्रेष्ठ था वह मंदिर में रख आए थे। क्योंकि जो भी उन्होंने श्रेष्ठ जाना था वह मंदिर से ही जाना था। इसके उत्तर में उनके पास कुछ देने को नहीं था। न सोना कोई उत्तर था, न हीरे कोई उत्तर थे।
लेकिन जो मिला था मंदिर से, उसके प्रति कृतज्ञता से भरकर हम सब कुछ वहां दे सकते थे। जो भी था हम वहां रख आए थे। अकारण नहीं था वह। क्योंकि लाखों साल तक अकारण कुछ नहीं चलता। ये मंदिर के बाहरी उसके आविष्ट रूप के अदृश्य परिणाम थे, जो चौबीस घण्टे तरंगायित होते रहते थे। उसके चेतन परिणाम भी थे। उसके चेतन परिणाम बहुत सीधे साफ थे।
तो मंदिर गांव के बीच में निर्मित करते थे ताकि दिन में दस बार आते—जाते रहें। वह हमारी आकांक्षा को भी निरत्तर जगाए रखे। और ध्यान रहे, हममें से बहुत कम ऐसे हैं जिनकी आकांक्षा सहज आंतरिक रूप से जगती है। हममें से बहुत आकांक्षाएं सिर्फ चीजों को देखकर ही जगती हैं।
मंदिर एक बिलकुल अलग डायमेंशन है जहां लेने—देने की दुनिया नहीं है। इसलिए जिन्होंने मंदिर को लेन—देन की दुनिया बनाया उन्होंने मंदिर को गिराया। जिन्होंने मंदिर को बाजार बनाया, उन्होंने मंदिर को नष्ट किया। जिन्होंने मंदिर को भी दुकान बना लिया, उन्होंने मंदिर को नष्ट कर दिया।
मंदिर लेन—देन की दुनिया नहीं है। सिर्फ एक विश्राम है। एक विराम है, जहां आप सब तरफ के थके—मांदे चुपचाप सिर छिपाते हैं। वहां की कोई शर्त नहीं है कि आप इस शर्त से आओ। इतना धन हो तो आओ, इतना शान हो तो आओ, कि इतनी प्रतिष्ठा हो तो आओ, कि ऐसे कपड़े पहनकर आओ, कि मत आओ। वहां की कोई शर्त नहीं है।
आप जैसे हो, मंदिर आपको स्वीकार कर लेगा। कहीं कोई जगह है जहां जैसे आप हो वैसे ही आप स्वीकृत हो जाओगे, ऐसा भी सरल स्थल है।
आपकी जिन्दगी में हर वक्त ऐसे मौके आये होंगे जब कि जो जिन्दगी है तथाकथित, उससे आप ऊबे होंगे, उस क्षण प्रार्थना का दरवाजा खुला होगा!
और एक दफा भी वह दरवाजा आपके भीतर भी खुल जाए तो फिर दुकान में भी खुला रहेगा, मकान में भी खुला रहेगा।
वह द्वार निरंत्तर पास होना चाहिए, जब आप चाहो वहां पहुंच सको। क्योंकि आपके बीच जिसको हम विराट का क्षण कहें वह बहुत अल्प है। कभी क्षणभर को होता है। जरूरी नहीं कि आप तीर्थ जा सको, जरूरी नहीं कि महावीर को खोज सको, कि बुद्ध को खोज सको।
वह क्षण अल्प है, उस क्षण बिलकुल निकटतम आपके कोई जगह होनी चाहिए जहां आप प्रवेश कर सकें। इस स्मृति के अदभुत परिणाम हैं। जैसे छोटे बच्चे हैं—हम सभी छोटे बच्चे थे, और जो भी होगा वह छोटा बच्चा ही होगा पहले तो।
ओशो आश्रम उम्दा रोड भिलाई-3
गहरे पानी पैठ 01





