गायत्री मंदिर वार्ड में डामरीकरण और कसारीडीह में बॉक्स कल्वर्ट-सड़क निर्माण से मिलेगी बेहतर आवागमन की सुविधा
दुर्ग। शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में महापौर अलका बाघमार ने मंगलवार को 15वें वित्त आयोग मद अंतर्गत वार्ड क्रमांक 25 गायत्री मंदिर वार्ड एवं वार्ड क्रमांक 43 कसारीडीह में कुल 47.54 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया।
Table Of Content
भूमिपूजन के तहत गायत्री मंदिर वार्ड क्रमांक 25 में 8.32 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य कराया जाएगा। वहीं कसारीडीह वार्ड क्रमांक 43 में सहगल ऑटो के पास कुर्मी भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर 39.22 लाख रुपये की लागत से बॉक्स कल्वर्ट एवं सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा सड़क एवं आधारभूत संरचना मजबूत होगी।
प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य निगम की प्राथमिकता : अलका बाघमार
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर सड़क, नाली एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। विकास कार्यों के पूर्ण होने से वार्डवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत संरचना अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। निगम का प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके। महापौर ने दोनों वार्डों में स्वीकृत विकास कार्यों की सौगात मिलने पर पार्षदों एवं नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जनप्रतिनिधि एवं वार्डवासी रहे उपस्थित
भूमिपूजन कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, पार्षद दीपक साहू, पार्षद मनीषा सोनी, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उप अभियंता अपर्णा मिश्रा, भारती ठाकुर सहित दोनों वार्डों के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पार्षदों एवं नागरिकों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की सौगात देने के लिए महापौर अलका बाघमार एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।





